लोकतंत्र वाणी / संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ने मधुबन बापूधाम स्थित निर्माणाधीन बुनकर मार्ट (एक्सपो एवं कन्वेंशन सेंटर) परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अपर सचिव, मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं तकनीकी टीम मौजूद रही।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। साइट पर श्रमिकों की कमी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था पर नियमानुसार पेनाल्टी लगाने के निर्देश दिए। साथ ही अभियंताओं को नियमित रूप से स्थल पर मौजूद रहकर कार्य की निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
करीब ₹115 करोड़ की लागत से विकसित हो रहा यह बुनकर मार्ट सह एक्सपो एवं कन्वेंशन सेंटर बुनकरों, शिल्पकारों और हस्तशिल्प कारीगरों को एक मजबूत विपणन मंच प्रदान करेगा। परियोजना को भारत मंडपम की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है, जहां राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के एक्सपो, प्रदर्शनी और सम्मेलन आयोजित किए जा सकेंगे। इसमें आधुनिक एक्सपो हॉल, दुकानें व स्टॉल, लगभग 560 क्षमता का ऑडिटोरियम, 80 क्षमता का कॉन्फ्रेंस हॉल, फूड कोर्ट, म्यूजियम समेत अन्य सुविधाएं शामिल होंगी।
परियोजना पूर्ण होने पर गाजियाबाद में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार सृजन के साथ क्षेत्र एक प्रमुख वाणिज्यिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित होगा।

