जिवाना में प्रभात फेरी के साथ ही पुष्पांजलि व गोष्ठी में हुआ गुणगान
लोकतंत्र वाणी / संवाददाता
बिनौली। जिवाना के शिवा शिक्षा सदन स्कूल में बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री व भारतरत्न चौ चरण सिंह जयंती कार्यक्रम सप्ताह के तहत किसान गोष्ठी हुई, जिसमें रालोद नेताओं ने चौधरी साहब को किसानों का सच्चा हितैषी बताया।
गोष्ठी में रालोद जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने कहा कि, चौधरी साहब ने हमेशा किसानों की आवाज को बुलंद किया और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने बताया कि चौ चरण सिंह का संपूर्ण जीवन किसानों और गरीबों के हितों के लिए समर्पित रहा। उनकी नीतियों और विचारों ने देश में कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का काम किया। वहीं क्षेत्रीय महासचिव डाअनिल आर्य ने कहा कि, चौधरी साहब का मानना था कि ,देश की उन्नति किसानों और गांवों की समृद्धि से ही संभव है। उनकी दूरदर्शी सोच और नेतृत्व ने उन्हें किसानों का मसीहा बना दिया। आज के दौर में उनकी नीतियां व विचारधारा पहले से अधिक प्रासंगिक हैं।
इससे पूर्व गांव में प्रभात फेरी निकाली गई। इस दौरान उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। गोष्ठी में रमाला मिल उपसभापति जयदेव आर्य, जितेंद्र कंडेरा, आकाश सोलंकी, आदित्य प्रधान, आजाद, विश्वपाल, नितिन आदि मौजूद रहे।