जनता दर्शन में समस्याओं का त्वरित समाधान

जनता दर्शन में समस्याओं का त्वरित समाधान

लोकतंत्र वाणी / संवाददाता

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ में प्रदेश भर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रार्थना पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार हर पीड़ित की समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्नाव के बांगरमऊ से आईं ममता तिवारी ने मंदिर पर कब्जे की शिकायत करते हुए बताया कि आरोपित लोग पूजा भी नहीं करने दे रहे हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधीक्षक को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। बदायूं से आए एक किसान ने फसल नष्ट किए जाने और पुलिस द्वारा कार्रवाई न होने की शिकायत की, जिस पर संबंधित अधिकारियों को दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बलरामपुर से आए फरियादी ने गांव की खराब सड़क का मुद्दा उठाया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मौके पर जाकर स्थिति का आकलन कर सड़क निर्माण कराने के निर्देश दिए।
फर्रुखाबाद निवासी एक निशानेबाज खिलाड़ी ने लाइसेंस दिलाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ी देश की धरोहर हैं और उनके मामले में उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनता दर्शन में जमीन और पारिवारिक विवाद से जुड़े मामले भी सामने आए। लखनऊ के एक फरियादी ने अवैध कॉलोनी की शिकायत की, जिस पर आवास आयुक्त को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं सरोजिनी नगर से आए एक फरियादी ने जमीन कब्जाने और बाउंड्रीवाल तोड़ने की शिकायत की, जिस पर एसडीएम सरोजिनी नगर को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। मुख्यमंत्री ने सभी मामलों में पीड़ितों की संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *