लोकतंत्र वाणी / संवाददाता
शिवराज सिंह चौहान ने हरियाणा, यूपी और कर्नाटक के प्रस्ताव किए स्वीकृत
नई दिल्ली। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हरियाणा, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में रबी 2025-26 सीजन के दौरान दलहन एवं तिलहन फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद के लिए 11,698 करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी दी है। यह खरीद मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के तहत की जाएगी, जिससे किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सकेगा।
हरियाणा में रबी 2026 सीजन के लिए 13,082 मीट्रिक टन चना और 3,60,528 मीट्रिक टन सरसों सहित कुल 3.73 लाख मीट्रिक टन से अधिक खरीद को मंजूरी दी गई है। इसकी अनुमानित लागत 2,312.12 करोड़ रुपये से अधिक है।
उत्तर प्रदेश में चना, मसूर और सरसों की लगभग 14.31 लाख मीट्रिक टन खरीद के लिए करीब 9,341 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें 2,24,000 मीट्रिक टन चना, 6,77,000 मीट्रिक टन मसूर और 5,30,000 मीट्रिक टन सरसों शामिल हैं।
कर्नाटक में कुसुम (सैफ्लावर) फसल की 6,923 मीट्रिक टन एमएसपी खरीद के लिए 45.27 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
सरकार के इस फैसले से तीनों राज्यों के किसानों को एमएसपी पर फसल बेचने में सहूलियत मिलेगी और दलहन-तिलहन उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।

