लोकतंत्र वाणी / संवाददाता
अयोध्या। राम मंदिर की पहली मंजिल पर स्थापित राम दरबार शनिवार को आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। शुक्रवार देर शाम राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से निर्णय लिए जाने के बाद शनिवार को सीमित संख्या में दर्शन की व्यवस्था की गई।
प्रारंभिक चरण में दर्शन दो पाली—शाम 5 से 7 और 7 से 9 बजे—में कराए जा रहे हैं। प्रत्येक पाली के लिए 300 पास जारी किए गए हैं, जिनमें से 150 पास जिला प्रशासन और 150 ट्रस्ट के पास हैं। इन पासों में 100 विशेष दर्शन और 50 सुगम दर्शन के लिए निर्धारित हैं।
राम दरबार में भगवान राम के साथ सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान की प्रतिमाएं स्थापित हैं। दर्शन के लिए उसी प्रकार पास उपलब्ध कराए जा रहे हैं जैसे राम लला के दर्शन के लिए दिए जाते हैं।
5 जून को राम जन्मभूमि परिसर के अंदर आठ नवनिर्मित मंदिरों की प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई थी। इनमें उत्तर-पूर्व में शिव, दक्षिण-पूर्व में गणेश, दक्षिण में हनुमान, दक्षिण-पश्चिम में सूर्य, उत्तर-पश्चिम में भगवती और उत्तर में अन्नपूर्णा की प्रतिमाएं शामिल हैं।
पारंपरिक नागर शैली में निर्मित यह भव्य मंदिर 360 फुट लंबा, 235 फुट चौड़ा और 161 फुट ऊंचा है। तीन मंजिलों में फैले इस मंदिर में 392 नक्काशीदार स्तंभ, 44 दरवाजे और अनेक हिंदू देवताओं की भव्य आकृतियां दर्शनीय हैं।