कन्नौज के पूर्व सांसद छोटे सिंह यादव का निधन, अखिलेश यादव ने जताया शोक

लोकतंत्र वाणी / संवाददाता

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य और कन्नौज से तीन बार सांसद रह चुके छोटे सिंह यादव का अस्पताल में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों ने उनके निधन की पुष्टि की।

छोटे सिंह यादव ने कन्नौज लोकसभा सीट से 1980, 1989 और 1991 में जीत दर्ज की थी। वे छिबरामऊ से विधायक भी रह चुके थे और सहकारिता आंदोलन से गहराई से जुड़े रहे। समाजवादी विचारधारा के मजबूत स्तंभ माने जाने वाले यादव लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे।

कुछ दिन पहले कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव अस्पताल पहुंचकर छोटे सिंह यादव से मिले थे और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। निधन की सूचना मिलते ही अखिलेश यादव ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर शोक जताते हुए लिखा,
“सहकारिता आंदोलन के पुरोधा और समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य छोटे सिंह यादव का निधन अत्यंत दुःखद है। ईश्वर उन्हें शांति प्रदान करें। शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं।”

छोटे सिंह यादव के निधन से कन्नौज और समाजवादी खेमे में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *