लोकतंत्र वाणी / संवाददाता
गाजियाबाद। घंटाघर रामलीला मैदान में शनिवार को महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर कश्यप निषाद संगठन और राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप के नेतृत्व में भव्य महाकुंभ सम्मेलन का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ सांसद अतुल गर्ग, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, विधायक मंजू शिवाच, संजीव शर्मा, भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल समेत अनेक जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
डिप्टी सीएम ने कहा कि कश्यप समाज देशभर में अपनी पहचान बना रहा है और कश्मीर का नाम भी महर्षि कश्यप के नाम पर पड़ा है। अब जब देश में भाजपा की सरकार है, तो कश्मीर में भी तिरंगा और भगवा फहरा सकते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि अगली बार कश्यप जयंती कश्मीर में आयोजित की जाए, जिस पर नरेंद्र कश्यप ने सहमति दी।
भव्य आयोजन की सराहना
घंटाघर रामलीला मैदान में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए डिप्टी सीएम ने आयोजन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इतनी गर्मी में इतना बड़ा जनसमूह एकत्र करना आसान नहीं है। यह कार्यक्रम अब सिर्फ स्थानीय नहीं रहा, बल्कि अन्य प्रदेशों से भी लोग इसमें भाग ले रहे हैं।
2027 में फिर भाजपा सरकार बनाने का आह्वान
कार्यक्रम के दौरान डिप्टी सीएम ने जनता से आशीर्वाद मांगते हुए कहा कि 2027 में फिर से डबल इंजन की सरकार बननी चाहिए। उन्होंने समाजवादी पार्टी के शासनकाल की तुलना में वर्तमान सरकार को बेहतर बताया।
डॉ. सागर कश्यप के मंच संचालन की तारीफ
मंच संचालन की जिम्मेदारी नरेंद्र कश्यप के पुत्र डॉ. सागर कश्यप ने निभाई। कार्यक्रम के अंत में उपमुख्यमंत्री ने उनके संचालन की प्रशंसा करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया और पीठ थपथपाई।
नरेंद्र कश्यप ने जताया आभार
कार्यक्रम के आयोजक नरेंद्र कश्यप ने सभी गणमान्य अतिथियों और उपस्थितजनों का आभार जताते हुए कहा कि आगामी आयोजन भी इसी ऊर्जा के साथ किए जाएंगे।
मंत्री, सांसद और विधायकों ने की तारीफ
कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, सांसद अतुल गर्ग, विधायक संजीव शर्मा समेत कई वक्ताओं ने नरेंद्र कश्यप के प्रयासों की सराहना की और कश्यप निषाद संगठन को बधाई दी।
महर्षि कश्यप के योगदान को किया गया स्मरण
कार्यक्रम में महर्षि कश्यप के जीवन और योगदान को दर्शाने वाली एक लघु डॉक्यूमेंट्री प्रस्तुत की गई। साथ ही मंच पर समर कूल के अध्यक्ष संजीव गुप्ता, सिविल डिफेंस के चीफ वॉर्डन ललित जायसवाल, भाजपा नेता अतुल जैन, पंकज जैन (दिल्ली 6 मॉल) समेत शहर की कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।