लोकतंत्र वाणी / संवाददाता
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के 8 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में महापौर सुनीता दयाल ने आज वार्ड 96, जीडीए मार्केट, ए ब्लॉक नेहरू नगर में घर-घर सरकारी योजनाओं के पत्रक वितरित किए। इस दौरान वह राज नगर मंडल अध्यक्ष नीरज त्यागी और वार्ड के पार्षद अजीत निगम के साथ उपस्थित रहीं।
महापौर ने बताया कि इस अभियान के तहत “ज्ञान” (गरीब, युवा, अन्नदाता, नारी) के आधार पर योजनाओं का लाभ घर-घर पहुंचाने का कार्य कार्यकर्ताओं को सौंपा गया है। पत्रकों में यूपी सरकार की योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई, जिनमें गरीब कल्याण, खेल और रोजगार, किसान कल्याण, और नारी सशक्तिकरण जैसे प्रमुख पहलुओं को शामिल किया गया।
महापौर ने कहा कि यह पत्रक वितरण अभियान सभी वार्डों और मंडलों में किया जाएगा, और प्रत्येक पार्षद अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर योजनाओं के पत्रक वितरित करेंगे। इससे हर वर्ग, विशेषकर गरीबों, महिलाओं, युवाओं, और किसानों को सरकार की योजनाओं का लाभ लेने में मदद मिलेगी।