लोकतंत्र वाणी / संवाददाता
खेकड़ा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने हिंदू नव वर्ष के शुभारंभ पर कस्बे में भव्य पथ संचलन किया। इस दौरान भारत माता की जय के उद्घोष गूंजे और कस्बावासियों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। इसी क्रम में बागपत और बड़ौत में भी पथ संचलन निकाला गया।
पथ संचलन का शुभारंभ सुबह 10 बजे विद्या भवन पब्लिक स्कूल से हुआ, जिसे शारीरिक शिक्षा प्रांत प्रमुख राजेश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अनुशासित कतारबद्ध होकर जैन कॉलेज रोड, मुख्य बाजार, छोटा बाजार, पांडव पुलिया मार्ग, यादव चौक और वाल्मीकि चौक होते हुए नगर भ्रमण किया। संचलन का समापन होली चाइल्ड एकेडमी पर हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय और राष्ट्र एकता के नारे लगाए तथा लाठी संचालन का प्रदर्शन भी किया।
नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। बौद्धिक सत्र में राजेश कुमार ने संघ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अनुशासन, चरित्र निर्माण और संस्कारों की पाठशाला है। उन्होंने कहा कि मुगलों और अंग्रेजों के शासन से पहले भारत अपने मूल संस्कारों के कारण विश्व गुरु था, और अब पुनः इसे विश्व गुरु बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अनुशासित, संस्कारवान और चरित्रवान बनें तथा भारतीय संस्कृति को अपनाएं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में अर्पित कुमार, विष्णु गुप्ता, देव सिरोही, उमेश शर्मा, अमित झा, आदेश धामा और सन्नी गुप्ता ने योगदान दिया।