लोकतंत्र वाणी / संवाददाता
पौड़ी। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल जनपद पौड़ी के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने थाना सतपुली का निरीक्षण किया और महिलाओं से जुड़े मामलों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना अध्यक्ष से महिला संबंधित केसों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्य के हर थाने में महिला डेस्क (हेल्पलाइन) के माध्यम से शिकायतों की सुनवाई की जाती है, और अधिकतर मामलों का मौके पर ही निस्तारण हो जाता है। यदि कोई मामला लंबित रहता है, तो महिलाएं सीधे राज्य महिला आयोग में संपर्क कर सकती हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2025 में थाना सतपुली में महिलाओं से जुड़े केवल दो मामले दर्ज हुए, जिनका आपसी सहमति से समाधान कर दिया गया।
कुसुम कंडवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिला सुरक्षा को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि वे महिलाओं से जुड़े मामलों में पूरी संवेदनशीलता बरतें और शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।